पंचकूला। जिला रेडक्रॉस सोसाइटी पंचकूला और श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से लघु सचिवालय के प्रांगण में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। अमर उजाला के सहयोग से 58 लोगों ने रक्तदान किया। एसडीएम ऋचा राठी ने रक्तदाताओं को बैज लगाने के साथ प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया। उनके साथ नगराधीश सिमरनजीत कौर भी उपस्थित रहीं। एसडीएम पंचकूला ऋचा राठी ने कहा कि हर व्यक्ति का नैतिक और सामाजिक दायित्व बनता है कि वह छह माह में कम से कम एक बार रक्तदान अवश्य करें क्योंकि मनुष्य के लिए रक्त का कोई दूसरा विकल्प नहीं है।
उन्होंने युवाओं से ज्यादा से ज्यादा रक्तदान करने की अपील की। जिला रेडक्रॉस सोसायटी की सचिव सविता अग्रवाल ने बताया कि सभी अस्पतालों में कोरोना महामारी और दुर्घटनाओं की वजह से लोगों में रक्त की काफी कमी देखने में आई है। रक्तदान शिविर का उद्देश्य खून की कमी की वजह से जूझ रही जिंदगियों को इस रक्तदान शिविर में एकत्रित खून देकर उनके जीवन को बचाना है। उन्होंने बताया कि श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट पंचकूला लंबे समय से रक्तदान शिविर के माध्यम से अस्पतालों और जरूरतमंद लोगों तक रक्त पहुंचाकर मानवीय सेवा कर रहा है।
इस मौके पर श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल रजिस्ट्रर्ड ट्रस्ट पंचकूला के प्रधान राकेश संगर, सचिव राजेश शर्मा, ट्रस्ट पैटर्न दीपक शर्मा, लक्ष्मण रावत और ट्रस्ट के को-आर्डिनेटर गुलशन, नागरिक अस्पताल की टीम में जितेंद्र कुमार, जसबीर, भारती, गीता और विकास सहित रेडक्रॉस के कर्मचारी और अन्य रक्तदाता मौजूद रहे।