एक सप्ताह में 207 चालान, टोल प्लाजा पर दिन-रात चल रही जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पंचकूला पुलिस ने नेशनल हाईवे पर ड्रंकन ड्राइव के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। बढ़ते सड़क हादसों पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से जिले से गुजरने वाले नेशनल हाईवे पर स्थित टोल प्लाजा पर ड्रंकन ड्राइव के स्थायी नाके स्थापित किए गए हैं। इन नाकों पर दिन-रात वाहन चालकों की सघन जांच की जा रही है।
एसीपी ट्रैफिक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले एक सप्ताह के दौरान चंडीमंदिर टोल प्लाजा और जलौली टोल प्लाजा पर विशेष ड्रंकन ड्राइव अभियान चलाया गया। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 82 वाहन चालकों के चालान काटे गए। जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान के तहत कुल 207 चालान किए गए हैं।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख और जानलेवा कारण है। इसी को ध्यान में रखते हुए पंचकूला से गुजरने वाले दोनों नेशनल हाईवे पर स्थायी नाके लगाए हैं ताकि हर समय निगरानी रखी जा सके और दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पंचकूला पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी और दूसरों की जान की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शराब पीकर वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा को अपनी जिम्मेदारी समझें।