शाम ढलते ही बढ़ जाता है राहगीरों में डर, शराब पीने वालों के जमावड़े से महिलाएं और बुजुर्ग परेशान
लोगों ने स्ट्रीट लाइट दुरुस्त कराने और सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। आईटीआई रोड पर ज्यादातर स्ट्रीट लाइट लंबे समय से खराब पड़ी होने के कारण शाम ढलते ही सड़क पर अंधेरा छा जाता है। सड़क के दोनों ओर उगी झाड़ियां और सुनसान माहौल राहगीरों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। अंधेरे के कारण महिलाओं और बुजुर्गों को इस रास्ते से गुजरने में डर लगता है, वहीं सड़क किनारे लोगों के शराब पीने से सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
लोगों के अनुसार, रोड पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से हादसे की आशंका बनी रहती है। रात के समय अंधेरे और झाड़ियों के कारण कीड़े-मकौड़ों समेत अन्य जीव-जंतुओं का भी डर रहता है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक नहीं कराया गया है।
लोगों ने बताया कि अंधेरे का फायदा उठाकर अक्सर कुछ लोग सड़क किनारे शराब पीते नजर आते हैं। इससे महिलाओं और बुजुर्गों का रात के समय इस सड़क से निकलना मुश्किल हो गया है। लोगों ने संबंधित विभाग से आईटीआई रोड की खराब स्ट्रीट लाइटों को जल्द दुरुस्त कराने और सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई करवाने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि रात के समय सुरक्षा की दृष्टि से सड़क पर पर्याप्त रोशनी बेहद जरूरी है। समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसी अप्रिय घटना के बाद ही विभाग के जागने का इंतजार करना पड़ेगा।