पंचकूला। श्री माता मनसा देवी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को अब सुरक्षा, मार्गदर्शन और शिकायत दर्ज कराने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। हरियाणा की पहली टूरिस्ट पुलिस पोस्ट मंदिर परिसर में शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को इसका उद्घाटन किया। पोस्ट पर 20 विशेष रूप से प्रशिक्षित पुलिसकर्मी 24 घंटे तैनात रहेंगे। मंदिर परिसर में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की लाइव निगरानी भी यहीं से की जाएगी।
अब श्रद्धालु गुमशुदगी, सामान खोने और अन्य संबंधित मामलों में मंदिर परिसर में ही पुलिस की मदद ले सकेंगे। पहले ऐसी शिकायतों के लिए करीब दो किलोमीटर दूर माता मनसा देवी थाने जाना पड़ता था।
दर्शन से परिवहन तक मिलेगी जानकारी
टूरिस्ट पुलिस पोस्ट को एकीकृत सहायता और सूचना केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। यहां दर्शन की कतार, वीआईपी दर्शन, जूता घर, प्रसाद, लंगर और पार्किंग की जानकारी मिलेगी। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, ऑटो और ई-रिक्शा स्टैंड तक पहुंचने में भी मदद की जाएगी। इसके अलावा कालका के श्री काली माता मंदिर और श्री चंडी माता मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों तक पहुंचने का मार्गदर्शन मिलेगा।
अलग वर्दी में दिखेंगे जवान
टूरिस्ट पुलिस के जवान सामान्य पुलिसकर्मियों से अलग वर्दी पहनेंगे, ताकि श्रद्धालु उन्हें आसानी से पहचान सकें। उन्हें विनम्र व्यवहार, प्रभावी संवाद और विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की जरूरतों को समझने का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। इसका उद्देश्य भाषा और जानकारी से जुड़ी दिक्कतों को दूर कर त्वरित सहायता उपलब्ध कराना है।
आपात स्थिति में एजेंसियों से समन्वय
सीसीटीवी कैमरों की निगरानी से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। जेबकतरी, चेन स्नैचिंग और अन्य आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी की जाएगी। जरूरत पड़ने पर लाउडस्पीकर से घोषणाएं भी होंगी। चिकित्सा आपात स्थिति, भगदड़ जैसी परिस्थितियों और वीआईपी मूवमेंट के दौरान पुलिस मंदिर बोर्ड, स्वास्थ्य विभाग और अग्निशमन विभाग सहित संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय करेगी।
उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री ने पोस्ट की कार्यप्रणाली और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि विशेष प्रशिक्षण, आधुनिक निगरानी और बेहतर संवाद के माध्यम से श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक अनुभव देना हरियाणा पुलिस की प्राथमिकता है।