पंचकूला। सेक्टर-1 स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में एक दिवसीय राज्यस्तरीय प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वेस्ट मैनेजर्स मल्टी-स्टेट कोऑपरेटिव सोसायटी लिमिटेड द्वारा जिला प्रशासन पंचकूला और नगर निगम पंचकूला के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम से पूर्व राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने पंचकूला के डंपिंग ग्राउंड का निरीक्षण किया और नगर निगम अधिकारियों से स्वच्छता व्यवस्था तथा स्वच्छता कर्मियों से जुड़ी जानकारी ली। कार्यक्रम का उद्देश्य कचरा बीनने वाले श्रमिकों को उनके अधिकारों, सुरक्षा, पहचान और सहायता तंत्र के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर प्रियंक कानूनगो ने कचरा बीनने के कार्य में प्रयुक्त गाड़ियों और रेहड़ियों पर लगाए जाने वाले विशेष स्टीकर भी जारी किए। उन्होंने स्वयं पांच रेहड़ियों पर स्टीकर लगाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इन स्टीकरों के माध्यम से श्रमिकों की पहचान सुनिश्चित करने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा और सम्मान को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
प्रियंक कानूनगो ने कहा कि राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग स्वच्छता कर्मियों और कचरा बीनने वाले श्रमिकों के अधिकारों व सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रमिकों की गरिमा से किसी भी सूरत में समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर आयोग सख्त कार्रवाई से भी पीछे नहीं हटेगा।