पंचकूला। ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में आयोजित खेल महाकुंभ- 2025 के दूसरे चरण के पहले दिन बुधवार को खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया। हॉकी टूर्नामेंट और वॉलीबाल पुरुष और महिलाओं के मुकाबले में टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। हॉकी में पंचकूला ने शानदार खेल दिखाते हुए अंबाला को 1-0 से मात दी। चरखी दादरी टीम ने महेंद्रगढ़ को 4-0 से पराजित किया। वहीं, रेवाड़ी ने आक्रामक खेल दिखाते हुए पलवल पर 5-0 की बड़ी जीत हासिल की।
इसके साथ ही यमुनानगर और पानीपत के बीच हुए संघर्षपूर्ण मुकाबले में यमुनानगर ने 3-1 से जीत दर्ज की। गुरुग्राम ने मजबूत रक्षा और तेज आक्रमण के दम पर फरीदाबाद को 2-0 से हराया। इसी तरह, करनाल और फतेहाबाद के बीच खेले गए मैच में करनाल ने कड़े मुकाबले में 2-1 से बाजी मारी। वहीं, पंचकूला ने शानदार खेल दिखाते हुए अंबाला को 1-0 से मात दी। दिन का आखिरी मैच रोमांचक रहा, जिसमें कैथल ने बेहतरीन प्रदर्शन कर एमएनएस राय को 4-2 से पराजित किया।
बॉक्स
वालीबॉल (पुरुष) मुकाबले : जींद, चरखी दादरी, सिरसा और रोहतक की शानदार जीत
24 सितंबर को आयोजित पुरुष वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया। कुल सात मुकाबले खेले गए जिनमें चार टीमों ने जीत दर्ज की। पहले मुकाबले में जींद ने एनएमएनएसएस राय को 2-1 से मात दी। यह मैच रोमांच से भरपूर रहा। जींद ने पहला सेट 25-20 से जीता जबकि राय ने वापसी करते हुए दूसरा सेट 19-25 से नाम किया। निर्णायक सेट में जींद ने 25-17 से जीत दर्ज कर मुकाबला अपने नाम किया।
दूसरे मैच में चरखी दादरी ने सोनीपत को सीधे सेटों में 2-0 से हराया। दादरी ने पहला सेट 25-20 और दूसरा सेट 25-07 से आसानी से जीत लिया। तीसरे मुकाबले में सिरसा ने फतेहाबाद को 2-0 से शिकस्त दी। सिरसा ने पहला सेट 25-14 और दूसरा सेट 25-11 से जीतते हुए श्रेष्ठता साबित की। चौथे मैच में रोहतक ने हिसार पर 2-0 से जीत दर्ज की। रोहतक ने पहला सेट 25-12 और दूसरा सेट 25-21 से जीतकर मैच अपने नाम किया।
बॉक्स
महिला वॉलीबाल प्रतियोगिता : हिसार, कैथल, रेवाड़ी, ग्रुरग्राम, पानीपत और भिवानी की जीत
महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में रोहतक की टीम पर हिसार ने 2-0 से जीत दर्ज की। दूसरे मैच में कैथल ने यमुनानगर को 2-0 से मात दी। वहीं, तीसरे मैच में रेवाड़ी ने अंबाला को 2-0 से हराया। चौथे मैच में गुरुग्राम ने मेवात को वॉकओवर के आधार पर 2-0 से मात दी। इसके बाद पानीपत ने सिरसा पर 2-0 की आसान जीत दर्ज की। वहीं छठे मुकाबले में भिवानी ने कुरुक्षेत्र को 2-0 से हराया। सातवें मैच में झज्जर ने सोनीपत पर 2-0 से जीत दर्ज की।