पंचकूला। एनएच-73 पर सड़क पार करते समय ट्रक की टक्कर लगने से एसपीओ बृजेंद्र सिंह की मौत हो गई। वहीं, ट्रक चालक ट्रक वहीं पर खड़ा कर मौके से फरार हो गया। चंडीमंदिर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
जोगिंद्र सिंह निवासी गांव लिजवाना खुर्द ने बताया कि वह एक प्राइवेट फार्मा कंपनी में नौकरी करते हैं। वह अपने बड़े भाई बृजेंद्र सिंह के पास 12 फरवरी को रुके हुए थे। 13 फरवरी को पुलिस लाइन से सेक्टर-25 मार्केट में नाश्ता करने के लिए सुबह 11 बजे बृजेंद्र सिंह और जोगिंद्र सिंह गए थे। नाश्ता करने के बाद दोनों वापस पुलिस लाइन पैदल वापस आ रहे थे। वह एनएच-73 को क्रॉस करने के लिए सड़क किनारे खड़े थे तभी रामगढ़ की ओर से एक ट्रक तेज रफ्तार लापरवाही से चलाता हुआ बिना हॉर्न दिए आया। इसी दौरान ट्रक ने सीधी टक्कर बृजेंद्र को मार दी। इसके बाद एसपीओ के पद पर तैनात बृजेंद्र की मौके पर मौत हो गई। चंडीमंदिर थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की ओर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है।