क्राइम ब्रांच की टीम ने एक बंदूक, एक देसी पिस्टल और कुल 19 कारतूस के साथ बुड़ैल गांव निवासी प्रॉपर्टी डीलर सोनू शाह के छोटे भाई मोंटी शाह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मोंटी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
बता दें कि तीन महीने पहले प्रॉपर्टी डीलर सोनू शाह की उसके ऑफिस में बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस मोंटी शाह (27) की गिरफ्तारी से शहर के विभिन्न थानों में दर्ज सात आपराधिक मामले सुलझाने का दावा कर रही है। इनमें हत्या की कोशिश, लूट, मारपीट, आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं।
पुलिस की मानें तो रिमांड के दौरान आरोपी मोंटी शाह से अन्य खुलासे होने की संभावना है। डीएसपी (क्राइम) राजीव कुमार अंबस्ता ने बताया कि साल 2015 में गैंगस्टर तीर्थ और मोंटी शाह के खिलाफ बुड़ैल में स्थित होटल मिलन में मैनेजर से गन प्वाइंट पर 10,000 रुपये की फिरौती के साथ जबरन दो एलसीडी ले जाने का मामला सेक्टर-34 थाना पुलिस ने दर्ज किया था।
उसके बाद से आरोपी की तलाश में पुलिस की टीम जुटी हुई थी। बीते मंगलवार को पुलिस को आरोपी मोंटी शाह के बारे जानकारी हासिल हुई। इसके बाद गुप्त सूचना के आधार पर सेक्टर 44/45 के नजदीक नाका लगाकर सेक्टर-44 की तरफ से बुड़ैल की तरफ पैदल आ रहे मोंटी शाह को पुलिस टीम ने दबोच लिया।
पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से एक देसी पिस्टल, मैगजीन और पांच कारतूस बरामद हुए। इसके बाद सेक्टर-34 थाना पुलिस में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाकर जब उससे पूछताछ की तो आरोपी ने खुलासा करते हुए बताया कि उसके पास और असलहा है।
इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल में छिपाकर रखे गए 14 कारतूसों के साथ एक डबल बैरल गन को बरामद किया। वही डीएसपी अंबस्ता ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में और हथियार मिलने की संभावना है। वहीं, पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से जानने की कोशिश करेगी कि वह उसके पास मौजूद असलहा कहां से और किस व्यक्ति से लाया है।