पंचकूला। नए वोट बनाने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय सेक्टर-1 में 27 अगस्त से पहले ऑनलाइन जमा फार्मों में अधिकतर के वोट बनाने से इनकार करने पर युवाओं में नाराजगी है। बड़ी संख्या में लोगों ने नए वोट बनवाने और कटवाने के लिए आवेदन किए थे, जिन्होंने फार्म भरने के बाद कार्यालय में जाकर सुनवाई भी कर ली। लेकिन, अब जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा सॉफ्टवेयर में खराबी की बात कहकर वोट बनाने से इनकार कर दिया गया है।
पंचकूला विकास मंच के राकेश अग्रवाल ने जिला निर्वाचन अधिकारी पंचकूला और मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर कहा है कि यह आमजन के मूल अधिकारों का शोषण है। नौजवानों का इस तरह के सिस्टम पर से भरोसा उठना लाजिमी है। पंचकूला में आखिरी तारीख तक जिनके फार्म आ चुके हैं, उनका वोट बनना चाहिए। अग्रवाल ने कहा कि काम ज्यादा होना या कंप्यूटर सिस्टम सही न होना बहाना बनाकर लोगों को वोट के अधिकार से वंचित करना गलत है। जिन लोगों के फार्म आखिरी तारीख तक जमा हो चुके हैं, हर एक का वोट बनना चाहिए। स्पेशल कैंप लगाकर वोट बनाने का काम बंद है, वह भी शुरू होना चाहिए।
ये है मामला
निर्वाचन कार्यालय द्वारा पंचकूला और कालका विधानसभा क्षेत्रों की फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 25 सितंबर को किया जाना है। इसके लिए प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निपटारा 27 अगस्त को किया जाना था। इससे पूर्व ही सैकड़ों युवाओं ने आवेदन किया था। दोनों विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं की फोटोयुक्त मतदाता सूचियों को एक जनवरी 2020 की क्वालीफाइंग तिथि मानकर किया जा रहा है। इस दौरान कार्यालय में प्राप्त मतदाता सूची से संबंधित फार्म नंबर-6, 7, 8 और 8ए में प्राप्त दावे और आपत्तियों का निपटारा 27 अगस्त तक किया जाना था। लेकिन कार्यालय के अधिकारियों ने अपने स्तर पर ही 26 अगस्त की सुनवाई के बावजूद सैकड़ों युवाओं के आवेदनों को रद्द कर दिया, जबकि 18 सितंबर को डाटा बेस अपडेट कर सप्लीमेंट प्रकाशन और फाइनल प्रकाशन 25 सितंबर को किया जाना है। काम से बचने के लिए आवेदन रद्द कर दिए हैं, जबकि सभी दस्तावेज पूरे थे।
नोटिस चस्पा कर दी नई डेट
27 अगस्त को ही एक नोटिस चस्पा कर दिया गया। इसमें मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने, अपना नाम मतदाता सूची से कटवाने, दावे एवं आपत्तियों का समय 16 नवंबर से 15 दिसंबर 2020 तक निर्धारित कर दिया है। बीएलओ के बूथ पर बैठने के लिए 28 और 29 नवंबर, 12 और 13 दिसंबर निर्धारित किया गया है। दावों और आपत्तियों का निवारण 5 जनवरी 2021 को होगा। सभी पैरामीटरों की जांच 14 जनवरी 2021 और अंतिम प्रकाशन 15 जनवरी 2021 तक लिखा गया है।
सॉफ्टवेयर बंद होने के कारण काफी लोगों के आवेदनों को रद्द कर दिया गया है। जिन लोगों की 26 अगस्त की सुनवाई थी, उनके नाम 25 सितंबर को प्रकाशित होने वाली वोटर लिस्ट में शामिल नहीं होंगे। अब नए वोट बनवाने के लिए नोटिस जारी कर दिया गया है। मतदाता सूची में नाम सम्मिलित करवाने, अपना नाम मतदाता सूची से कटवाने, दावे और आपत्तियों का समय 16 नवंबर से 15 दिसंबर 2020 तक निर्धारित कर दिया है। - अजय राठी, अधिकारी, जिला निर्वाचन कार्यालय पंचकूला सेक्टर-1