अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत 36 लाख से अधिक लाभार्थियों को वित्तीय सहायता दी है। अब तक 2,697.44 करोड़ रुपये सीधे बैंक खातों में भेजे गए। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री बलजीत कौर ने बताया कि यह राशि डीबीटी से जारी हुई है।
इससे लाभार्थियों को बिना बिचौलिए के समय पर सहायता मिल रही है। वृद्धावस्था पेंशन समेत कई योजनाएं बुजुर्गों, विधवाओं, दिव्यांगों और आश्रित बच्चों को लाभ दे रही हैं। सरकार का लक्ष्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचना है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 6,131.91 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे। पात्र मामलों का निर्धारित समय में निपटारा सुनिश्चित किया जाए।