चंडीगढ़। पंजाब में अगले महीने से सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभार्थियों को दोगुना पेंशन मिलने लगेगी। इनको अभी हर महीने 750 रुपये पेंशन मिलती है जबकि अगले महीने से यह राशि 1500 रुपये हो जाएगी। विभाग ने इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। सरकार ने इसके लिए बजट में 4000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि बुजुर्गों, दिव्यांग व्यक्तियों, विधवाओं और बेसहारा महिलाओं के अलावा आश्रित बच्चों को अभी हर माह 750 रुपये पेंशन दी जाती है। सरकारी नोटिफिकेशन के बाद अब जुलाई माह से इन्हें 1500 रुपये पेंशन का भुगतान किया जाएगा। इस साल के बजट सत्र के दौरान कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार ने यह घोषणा की थी। पेंशन दोगुना करने के मद्देनजर बजट में 2021-22 के लिए 4,000 करोड़ रुपये का बजट आवंटन किया गया है।