चंडीगढ़। पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) डॉ. एस करुणा राजू ने बताया कि भारतीय निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के निर्देशों का पालन करते हुए 20 फरवरी को होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राज्य में 3,76,542 लाइसेंसी हथियार जमा करवाए गए हैं। यह राज्य के कुल 3,90,275 लाइसेंसी हथियारों का 97.43 प्रतिशत बनता है, जबकि राज्य में 72 बिना लाइसेंस के हथियार भी जब्त किए गए हैं। राष्ट्रीयकृत/निजी बैंकों में तैनात सुरक्षा कर्मियों सहित निजी सुरक्षा के लिए लाइसेंसी हथियार रखने वाले कुछ व्यक्तियों को किसी भी वास्तविक छूट और शिकायत निवारण के लिए उपायुक्त से संपर्क करना होगा।
डॉ. राजू ने यह भी बताया कि पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद विभिन्न प्रवर्तन टीमों ने 1 फरवरी तक आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में 313.44 करोड़ रुपये कीमत का सामान जब्त किया है। उन्होंने बताया कि निगरानी टीमों ने 15.49 करोड़ रुपये की कीमत वाली 28.91 लाख लीटर शराब बरामद की है। इसी तरह प्रवर्तन विंग ने 276.51 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ बरामद किए हैं और 20 करोड़ रुपये की बेनामी नकदी भी जब्त की है।