सर्दियों के मौसम में जितना मजा शिमला घूमने का है, उससे ज्यादा कालका से शिमला टॉय ट्रेन में यात्रा करने का है। पहाड़ों पर बर्फबारी के समय बिछी सफेद चादर को देख मानो जन्नत का नजारा लगता है, जिसे देखकर सैलानी खूब उत्साहित होते हैं। यही कारण है कि पिछले कुछ रोज से टॉय ट्रेन में बुकिंग करवाने वालों की संख्या बढ़ गई है। कालका रेलवे स्टेशन पर रोजाना बुकिंग के लिए लंबी कतार लग रही है। टिकट बुक करवाने के लिए आने वाले लोगों में सफर को लेकर काफी उत्साह है।
कालका से शिमला के बीच चलने वाली टॉय ट्रेन जैसे-जैसे दूरी को तय करती है रास्ते में खूबसूरत नजारे और सुरंगें सफर को यादगार बना देती हैं। इतना ही नहीं जब ट्रेन घुमावदार पहाड़ों के बीच से गुजरती है तो नजारा बेहद सुंदर होता है। सर्दी के सीजन में कालका से शिमला जाने वाली सभी ट्रेनें फुल हैं। सर्दियों के ठंडे मौसम का मजा लेने के लिए कालका रेलवे स्टेशन पर भारी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं। फिलहाल कालका से शिमला जाने वाली सभी टॉय ट्रेनों की वेटिंग लिस्ट लाल है। इन दिनों टॉय ट्रेन सैलानियों से पूरी तरह पैक होकर जा रही हैं।
हिम दर्शन एक्सप्रेस में यात्री दिखा रहे रुचि
हाल ही में शुरू की गई फुल विस्ताडोम हिम दर्शन एक्सप्रेस को यात्रियों का अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। यह ट्रेन रोजाना फुल होकर कालका से शिमला जा रही है। सैलानी इस ट्रेन में बैठे-बैठे ही सुंदर वादियों का नजारा ले सकते हैं। ट्रेन के सभी कोच पारदर्शी हैं इसलिए यह सैलानियों को खूब लुभा रही है।
हिमपात के चलते शिमला कूच कर रहे सैैलानी
पहाड़ों की रानी शिमला में हो रही बर्फबारी के चलते सैलानी भारी तादाद में वहां का रुख कर रहे हैं। शिमला मेेें बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए देेेश से ही नहीं, अपितु विदेश से भी सैलानी सड़क मार्ग की अपेक्षा कालका-शिमला टॉय ट्रेन से सफर तय कर शिमला पहुंचते हैं। शिमला में हो रहे हिमपात के चलते रेल मार्ग से शिमला पहुंचने वाले यात्रियों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है।