पंचकूला। क्राइम ब्रांच-19 की टीम ने 480 ग्राम चरस के साथ हिमाचल प्रदेश निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शिमला के दीपक कुमार हिस्टा के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया जहां से तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि 3 नवंबर को टीम गश्त पर थी तभी उन्हें सूचना मिली कि एक युवक सेक्टर-1 के सूरज थिएटर की पार्किंग में चरस सप्लाई करने के लिए खड़ा है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से चरस बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-7 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने कबूला है कि वह हिमाचल प्रदेश से चरस लाकर ट्राइसिटी में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था।