पंचकूला। निदेशक अर्थ एवं सांख्यिकीय कार्य विभाग में जिला सांख्यिकीय अधिकारी मनोज कुमार गोयल ने बताया कि सटीक, समयबद्ध व विश्वसनीय आंकड़े ही सुशासन की नींव होते हैं। वे मंगलवार को सेक्टर-4 के योजना भवन में हुए एक दिवसीय क्षमता विकास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम के अवसर पर उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश-प्रदेश को विकसित बनाने में आंकड़ों का महत्वपूर्ण योगदान होता है। हर कर्मचारी को आंकड़ों के संकलन व विश्लेषण की सही जानकारी होनी चाहिए ताकि उससे सही परिणाम आगे आ सके।
इस मौक पर हरियाणा निदेशक अर्थ एवं सांख्यिकीय कार्य विभाग के अतिरिक्त निदेशक राजेंद्र कुमार मोर और संयुक्त निदेशक जगदीश जलंधरा ने बताया कि हरियाणा के सभी जिलों में प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन किए जाएंगे। यह कार्यक्रम पूरे माह राज्यभर में चलेगा। पंचकूला से कार्यशाला शुरू की गई। इसमें राज्य के लगभग 1200 अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।