पिंजौर। कृषि कानूनों के विरोध और उन्हें रद्द करवाने की मांग को लेकर भाकियू नेता चंडीमंदिर टोल प्लाजा पर डटे हुए हैं। इस दौरान वीरवार को भी टोल प्लाजा पर कृषि कानूनों का विरोध करते हुए नारेबाजी की गई। वहीं, बीते 6 दिन से चंडीमंदिर टोल प्लाजा वाहनों की आवाजाही के लिए टोल फ्री करवाया हुआ है।
भारतीय किसान यूनियन ब्लॉक प्रधान कर्म सिंह ने बताया कि जब तक सरकार तीनों कृषि कानूनों को रद्द नहीं करती तब तक उनका टोल प्लाजा चंडीमंदिर पर धरना जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि टोल प्लाजा पर लंगर लगाया गया है। पहले जहां वाहन चालक टोल टैक्स देकर यहां से गुजरते थे वहीं, अब यहां से आवाजाही करने वालों के लिए टोल टैक्स फ्री है। उन्होंने सरकार से कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग की है।