पंचकूला। नगर निगम चुनाव पंचकूला में भाजपा का कमल खिल गया है। एक मेयर समेत भाजपा-जजपा गठबंधन के 11 प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। जीत की घोषणा होते ही भाजपा खेमे में जय श्री राम के जयघोष के साथ जश्न शुरू हो गया। भाजपा प्रत्याशी कुलभूषण गोयल ने अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की उपिंदर आहलूवालिया को 2057 वोटों से हराकर मेयर की कुर्सी पर कब्जा कर लिया है। 20 वार्डों में से कांग्रेस के सात प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। चुनाव मैदान में उतरे दो आजाद प्रत्याशियों ने भी भाजपा-जजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों को मात देकर जीत हासिल की है। मतगणना के कुल 32 चरण में भाजपा मेयर पद के प्रत्याशी कुलभूषण गोयल को कुल 49860 वोट मिले, जबकि कांग्रेसी की मेयर पद की प्रत्याशी उपिंदर कौर आहलूवालिया को कुल 47803 मत प्राप्त हुए। वहीं, 1333 लोगों ने नोटा बटन को दबाकर बसपा, भाजपा-जपपा और कांग्रेस के मेयर प्रत्याशियों को सिरे से नकार दिया।
सेक्टर-8 में मना जीत का जश्न
पीठासीन अधिकारी ने जैसे ही कुलभूषण गोयल के विजयी होने की घोषणा की तो भाजपा समर्थक खुद रोक नहीं पाए, और मतगणना परिसर में ही कुलभूषण गोयल के पक्ष में जय श्रीराम के नारे लगाने लगे। वहीं, जीत की सूचना मिलते ही हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता और पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु, जिला अध्यक्ष अजय शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष अजय शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता शाम लाल बंसल समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता सेक्टर-14 स्थित गर्ल्स कॉलेज मतगणना केंद्र में पहुंच गए और जीत के लिए कुलभूषण गोयल को बधाई दी। इसके बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता खुली जीप में सवार होकर जनता का आभार व्यक्त कर विजय जुलूस के रूप में सेक्टर-8 स्थित चुनाव कार्यालय पहुंचे। जहां समर्थकों ने पटाखे चलाए और लड्डू बांटकर खुशी का इजहार किया। शाम पांच बजे शुरू हुआ जीत का जश्न करीब साढ़े सात बजे तक चलता रहा। इस दौरान शहर की राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि स्वागत करने पहुंचते रहे।
कुल 32 राउंड में पूरी हुई मतगणना
सेक्टर-14 गर्ल्स कॉलेज में कड़ी सुरक्षा में सुबह आठ बजे शुरू हुई मतगणना साढ़े तीन बजे तक चली। मतगणना प्रक्रिया कुल 32 राउंड में पूरी हुई। सुबह जैसे ही मतगणना शुरू हुई कांग्रेस समर्थकों ने हंगामा कर दिया। उनका आरोप था कि बिना किसी इजाजत के भाजपा समर्थक मतगणना केंद्र के अंदर कैसे दाखिल हो गया। हंगामे के चलते उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा को वोटों की गिनती करीब 10 मिनट के लिए रोकनी पड़ी। इसके बाद जैसे ही माहौल शांत हुआ मतगणना का कार्य फिर शुरू हो गया। मतगणना के लिए कॉलेज के हाल को दो हिस्सों में बांटा गया। दोनों हाल में कुल 20 टेबल लगाए गए थे। 10 टेबल पर वार्ड प्रत्याशियों के मतों की गणना हुई, जबकि 10 टेबल पर मेयर पद के प्रत्याशियों के मत गिने गए।
बसपा मेयर प्रत्याशी को मिले कुल 2378 वोट
निकाय चुनाव में बहुजन समाज पार्टी के मेयर पद के प्रत्याशी अनिल पंगोत्रा को कुल 2378 वोट ही मिले, जबकि मेयर पद पर आजाद प्रत्याशी सुदर्शन बंसल को 840, आम आदमी समर्थित मेयर पद के आजाद उम्मीदवार पदम गर्ग को 887, आजाद मेयर पद प्रत्याशी श्याम सिंह नेगी को 667 वोट ही मिले।
27वें राउंड में बाहर आ गई आहलूवालिया
27वें राउंड में ही कांग्रेस प्रत्याशी उपिंदर आहलूवालिया को पता चल गया कि जीत मुश्किल है, जिसके चलते वह मतगणना केंद्र के अंदर से बाहर आ गईं और हार स्वीकार कर कहा कि जनता का फैसला है, जिसे किसी भी सूरत में नकारा नहीं जा सकता है। उन्होंने कहा कि हार और जीत एक ही सिक्के को दो पहलू हैं। चुनाव में कोई हारता है तो कोई जीतता है। उन्होंने दोनों हाथ जोड़कर जनता का आभार जताया। उपिंदर आहलूवालिया ने कहा कि वह चुनाव मैदान में जनता की सेवा करने के लिए ही उतरी थीं और वह सेवा करती रहेंगी।
पहले दो राउंड में कांग्रेस ने बनाई बढ़त
मतगणना के दौरान पहले दो चरण में कांग्रेस प्रत्याशी उपिंदर कौर आहलूवालिया ने बढ़त बनाई। इससे कांग्रेस समर्थक गदगद हो गए। पहले चरण में कांग्रेस प्रत्याशी ने 44 और दूसरे में पांच मतों से बढ़त बनाई। जैसे ही तीसरे राउंड की गिनती शुरू हुई भाजपा प्रत्याशी कुलभूषण गोयल 55 वोटों से आगे निकल गए। इसके बाद वह लगातार 14 राउंड में आगे रहे। 15वें राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी ने फिर बढ़त बना ली। 16 से लेकर 32 राउंड के बीच कभी भाजपा प्रत्याशी तो कभी कांग्रेस प्रत्याशी आगे रहे।