संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। कस्बा जंडियाला गुरु थाने के गांव मलियां के पास दशमेश ढाबे पर कार सवार लोगों ने रविवार देर रात गोलियां चला दीं। इसके बाद सभी आरोपी भाग निकले। ढाबा मालिक परमिंदर सिंह और वहां काम करने वाले कर्मियों ने मौके से भागकर और दीवार के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। वहीं, पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को काबू कर लिया है।
गांव मलियां निवासी परमिंदर सिंह ने जंडियाला गुरु थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि तरनतारन जिला के गांव खेमकरण निवासी रछपाल सिंह उनके साथ रंजिश रखता है। वह अकसर अपने साथियों के साथ उनके ढाबे पर खाना खाने भी आता है। कुछ दिन पहले भी किसी बात पर आरोपी ने विवाद करने का प्रयास किया था। रविवार रात रछपाल सिंह अपने साथी गुरभिंदर सिंह उर्फ भिंदा, बिकर सिंह, आकाशदीप सिंह, गुरप्रीत सिंह, हरविंदर सिंह व दिलबाग सिंह के साथ दो कारों में उनके ढाबे पर पहुंचा। जैसे ही आरोपी कारों से नीचे उतरे तो उनके कर्मचारियों ने उनसे खाना खाने की बात पूछी। इसके बाद आरोपी हाथापाई करने लगे। उनके भाई जतिंदर ने झगड़ा छुड़ाने की कोशिश भी की लेकिन दो आरोपियों ने पिस्तौल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। ढाबे के सारे स्टाफ ने वहां से भाग कर और एक दीवार के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। एएसआई तेजिंदर सिंह ने बताया कि मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की तलाश की जा रही है।