शॉर्ट सर्किट की चिंगारी गिरने से जली गन्ने की फसल।
- फोटो : PKL OFFICE
रायपुररानी/बरवाला। गांव मौली के एक खेत में शॉर्ट सर्किट होने से पांच एकड़ गन्ने की फसल जलकर नष्ट हो गई। आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और करीब आधे घंटे में आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार डेराबस्सी क्षेत्र के पीरमुच्छला निवासी सुरमुख सिंह के गांव मौली में स्थित गन्ने के खेत में शॉर्ट सर्किट के कारण शाम करीब चार बजे तैयार हो चुकी गन्ने की फसल को आग लग गई। देखते ही देखते आग काफी फैल गई। प्रत्यक्षदर्शी गोपाल राणा, राजेश व अन्य किसानों ने बताया कि मौके पर एकत्रित हुए ग्रामीणों व अग्निशमन विभाग की मदद से आग बुझाई गई, नहीं तो और अधिक नुकसान हो सकता था। किसानों ने बताया कि खेत के ऊपर से गुजर रहे तारों में स्पार्किंग हो रही थी, जो आग लगने का कारण बनी।
लापरवाही बरत रहे अधिकारी
स्थानीय किसानों राजेश कुमार, दिनेश, कदम सिंह, रणबीर राणा और मेहर सिंह आदि ने बताया कि बिजली विभाग को कई बार तारों की समस्या से अवगत करवा चुके हैं। इसके अलावा अपने खर्च पर खंभे लगवाने का निवेदन भी कर चुके हैं। परंतु अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं। इस ओर ध्यान न देने के कारण यह हादसा हुआ है।
इस मामले संबंधी जल्द विभाग के उच्चाधिकारियों से मुलाकात की जाएगी। बिजली निगम बरवाला कार्यालय में तैनात एसडीओ जीके आहूजा व जेई बलजिंद्र वालिया ने कहा कि उन्हें गांव मौली में आग लगने संबंधी कोई जानकारी नहीं है। उन्हें इस बारे में कहीं से कोई सूचना नहीं मिली है।