सड़क के दोनों ओर रेहड़ियां और दुकानें लगने से घट जाती है जगह, प्रशासन से यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। बिटना रोड पर वीरवार को लगने वाली साप्ताहिक मंडी के दौरान सड़क के दोनों ओर रेहड़ियां और दुकानें लगने से सड़क का काफी हिस्सा घिर जाता है। ऐसे में मंडी में खरीदारी करने वाले लोग सड़क पर ही घूमते रहते हैं, जबकि इसी मार्ग से बस, टिप्पर और ट्रक समेत भारी वाहनों की आवाजाही जारी रहती है। इससे जाम के साथ हादसे का खतरा भी बढ़ जाता है।
स्थानीय निवासी विक्की, रवि ने बताया कि मंडी के दौरान सब्जी विक्रेताओं की रेहड़ियां और दुकानें सड़क के दोनों ओर लग जाती हैं। इससे वाहनों के लिए सड़क पर सीमित जगह बचती है। दूसरी ओर मंडी में खरीदारी करने पहुंचे ग्राहक भी सड़क पर ही मौजूद रहते हैं। ऐसे में भारी वाहन गुजरने के दौरान थोड़ी सी लापरवाही बड़ा हादसा कर सकती है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि साप्ताहिक मंडी के समय यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए विशेष इंतजाम किए जाएं। रेहड़ियों और दुकानों के लिए निर्धारित स्थान तय करने के साथ भारी वाहनों के आवागमन को भी नियंत्रित किया जाए। लोगों का कहना है कि इससे मंडी में आने वाले खरीदारों और दुकानदारों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।