ग्रीस ट्रैप और मिनी ईटीपी नहीं लगाने से बढ़ रही समस्या, नियम तोड़ने वाले प्रतिष्ठानों पर जुर्माने और लाइसेंस निलंबन की उठी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। शहर के कई होटल और रेस्टोरेंट में सीवरेज नियमों की अनदेखी के कारण सीवर बार-बार जाम हो रहे हैं। वार्ड-4 के पार्षद भारत हितैषी ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) और हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से ऐसे प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
भारत हितैषी ने कहा कि कई होटल और रेस्टोरेंट में मिनी एफ्लूएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ईटीपी) और ग्रीस ट्रैप नहीं लगाए गए हैं। इसके कारण रसोई का तेल, चिकनाई और गंदा पानी सीधे सीवरेज लाइन में छोड़ा जा रहा है, जिससे सीवर बार-बार जाम हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिन क्षेत्रों में बड़े होटल और रेस्टोरेंट हैं, वहां सीवर जाम होने की शिकायतें सबसे अधिक मिल रही हैं।
उन्होंने कहा कि सीवर जाम होने से गंदा पानी सड़कों, गलियों और कई बार लोगों के घरों तक पहुंच जाता है। इससे दुर्गंध फैलने के साथ डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। बारिश के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है।
पार्षद ने बताया कि हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड पहले ही होटल संचालकों के लिए मिनी ईटीपी और ग्रीस ट्रैप लगाना अनिवार्य कर चुका है, लेकिन कई प्रतिष्ठान अब भी नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि शहर के सभी बड़े होटल और रेस्टोरेंट का विशेष निरीक्षण कराया जाए। नियमों का उल्लंघन मिलने पर पहले नोटिस जारी किए जाएं और सुधार नहीं होने पर भारी जुर्माना लगाने के साथ जरूरत पड़ने पर व्यापारिक लाइसेंस भी निलंबित किया जाए।