पंचकूला। सेवा पखवाड़ा के पहले दिन 17 सितंबर को पौधारोपण अभियान की शु्रुआत हुई। डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने पुलिसकर्मियों के साथ अभियान के पहले दिन विभिन्न पुलिस थानों, चौकियों, क्राइम यूनिट्स, पुलिस लाइन और अन्य शाखाओं में कुल 7500 पौधे लगाए। इस पौधारोपण अभियान के पर्यवेक्षण अधिकारी एसीपी अजीत सिंह, इंस्पेक्टर रामपाल सिंह, इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह, इंस्पेक्टर सोमबीर ढाका, लाइन ऑफिसर अजब सिंह, सब इंस्पेक्टर सुरेश पाल, एएसआई राजकुमार समेत कई अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।
इसके साथ ही 2 अक्तूबर तक चलने वाले इस सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत विभिन्न सामाजिक और जन-हितैषी अभियानों की शुरुआत की है। इन अभियानों में स्वच्छता, पौधारोपण, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति जागरूकता अभियान, साइबर सुरक्षा, रक्तदान और सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं। इन अभियानों को सफल बनाने के लिए पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज स्वयं अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
इस अवसर पर डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने कहा है कि एक स्वच्छ और हरा-भरा जिला बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यह केवल एक सरकारी या पुलिस का अभियान नहीं है बल्कि यह हम सभी के भविष्य से जुड़ा है। उन्होंने जिलावासियों से अपील की कि वे इस कार्य में साथ आएं और अधिक से अधिक पौधे लगाकर इस अभियान को सफल बनाएं।