पंचकूला। शुद्ध का युद्ध अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की पंचकूला इकाई ने नौ मिठाई की दुकानों, ढाबों, होटलों, रेस्टोरेंट व फलों व सब्जियों के नमूूने लेकर जांच के लिए भेजे।
पंचकूला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. गौरव शर्मा की अध्यक्षता में टीम ने जिला में स्थित दूध की डेयरियों, खाद्य पदार्थ बनाने की फैक्टरियों, डिपार्टमेंटल स्टोर, किरयाना की दुकानों, विभिन्न मिठाई की दुकानों, ढाबा, होटलों, रेस्टोरेंट एवं फलों व सब्जियों आदि दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इनसे नमूने लेकर करनाल स्थित खाद्य प्रयोगशाला मे भेजे गए। निरीक्षण के दौरान जो पदार्थ खाने योग्य नहीं थे, उन्हें नष्ट करवाया गया।
सभी दुकानदारों को निर्देश दिए गए कि दूध और दूध के उत्पादों में किसी प्रकार के हानिकारक रसायन व केमिकल का प्रयोग न करें। यदि कोई भी दुकानदार मिलावटी दूध एवं दुग्ध उत्पाद बेचता पाया गया तो उसके खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
कटे हुए फल न बेचें
इसके अलावा दुकानदारों को यह भी निर्देश दिए गए कि सभी खाद्य पदार्थों को ढककर रखें व कटे हुए फल न बेचें। इसके साथ-साथ यह भी निर्देश दिए कि मिठाइयों को ढककर रखें, फलों, सब्जियों व जूस आदि की रेहड़ियों को मिट्टी, धूल व मक्खियों से बचा कर रखें। यदि कोई निर्देशों की अवहेलना करता पाया गया तो उनके खाद्य पदार्थों को नष्ट करवाने के साथ-साथ कार्रवाई की जाएगी।