पंचकूला। घग्गर पार के सेक्टर-23 में बने डंपिंग ग्राउंड से उठने वाली बदबू से लोगों का बुरा हाल है। इस बदबू से यहां के लोगों का खाना, पीना दुश्वार हो गया है। वह इस समस्या से निजात पाने के लिए लगातार संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायत कर रहे हैं, लेकिन समस्या से छुटकारा मिलता दिखाई नहीं दे रहा है।
इस समस्या से निजात पाने के लिए सेक्टर-25 के सीनियर सिटीजन क्लब में एक बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता एसएस गिल ने की। इस बैठक में घग्गर पार के सेक्टर-23, 24, 25, 26, 27 आदि सेक्टरों के सीनियर सिटीजन्स ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर एसएस गिल ने बताया कि सबसे ज्यादा दिक्कत उस समय होती है जब तेज हवा चलती है। डंपिंग ग्राउंड से आती दूषित हवा से घर में कमरे के अंदर बैठना तक मुश्किल हो जाता है। वहीं, सुरेंद्र दत्त शर्मा ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार स्थानीय लोग प्रशासन को शिकायत दे चुके हैं, लेकिन समस्या का हल नहीं किया गया। वहीं, सेक्टर-25 निवासी आरके सिंह ने बताया कि इस मामले को लेकर अधिकारियों से मुलाकात की गई। उन्होंने आश्वासन भी दिया लेकिन समस्या हल नहीं हुई। हालांकि जब संबंधित अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान को लेकर विचार किया जा रहा है। सीनियर सिटीजन्स की शिकायत है कि इस डंपिंग ग्राउंड के कारण एरिया का हवा-पानी खराब हो रहा है। कचरे के कारण हवा-पानी जहरीला होने के कारण कभी भी कोई जानलेवा बीमारी फैल सकती है। सीनियर सिटीजन ने बैठक के दौरान जिला प्रशासन और नगर निगम समस्या के समाधान की मांग की है।
मंदिर में आने वाले श्रद्धालु बदबू से परेशान
सेक्टर-25 के हनुमान मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को डंपिंग ग्राउंड की बदबू से परेशानी होती है। मंदिर कमेटी के सदस्य हरिंदर सिंह रावत ने बताया कि हर मंगलवार की शाम को यहां आरती के लिए करीब 500 श्रद्धालु इकट्ठे होते हैं, लेकिन डंपिंग ग्राउंड से उठने वाली बदबू के कारण मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का आरती के दौरान खड़ा रहना मुश्किल हो जाता है। इतना ही नहीं यहां बरसात के दिनों में सबसे ज्यादा परेशानी होती है। मंदिर प्रबंधन ने प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या से जल्द से जल्द लोगों को राहत दिलवाई जाए।
बदबू की वजह से सैर तक नहीं कर पाते
एसआर हुडा और डॉ. अनिल वर्मा ने बताया कि डंपिंग ग्राउंड के चलते लोग कई तरह की बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं। करोड़ों रुपये खर्च करके भी लोगों को स्वस्थ वातावरण नहीं मिल रहा है। वह सुबह और शाम को घर के बाहर सैर तक नहीं कर सकते। बारिश के दिनों में बदबू की समस्या विकराल हो जाती है। इस समस्या से समाधान को लेकर कई बार अधिकारियों से संपर्क किया गया, लेकिन आज तक कोई लाभ नहीं हुआ।
ट्यूबवेलों के सैंपलिंग की मांग
इस बैठक में एसएस गिल, आरके सिंह और शौरभ पराशर ने बताया कि सेक्टर-23 में डंप किए गए कचरे की वजह से घग्गर पार के सेक्टरों में प्रदूषण का स्तर बढ़ता जा रहा है। वायु प्रदूषण के अलावा सेक्टरों का पानी भी प्रदूषित होता जा रहा है। जमीन का पानी प्रदूषित होने के कारण हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने सात ट्यूबवेल बंद कर दिए हैं। इससे घग्गर का पानी भी दूषित हो रहा है। इस मौके पर सीनियर सिटीजन ने प्रशासन से घग्गर पार के एरिया के ट्यूबवेलों के पानी की सैंपलिंग की मांग की है।