अपराध नियंत्रण और त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स पर फोकस, एंट्री-एग्जिट पाॅइंट पर बढ़ाई निगरानी
पुलिस बेड़े में शामिल हुईं 10 नई दोपहिया ईआरवी
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करने के लिए पंचकूला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया है। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के नेतृत्व में जिले के प्रमुख एंट्री और एग्जिट पाॅइंट पर 12 विशेष नाके स्थापित किए गए हैं। इन नाकों पर आईआरबी के 50 जवान तैनात किए गए हैं, जो संदिग्ध गतिविधियों और वाहनों पर नजर रखेंगे।
पुलिस ने आपात स्थितियों में तेजी से प्रतिक्रिया देने के उद्देश्य से 10 नई दुपहिया इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल (ईआरवी) भी पुलिस बेड़े में शामिल की हैं। इससे घटनास्थल पर पुलिस की पहुंच और अधिक तेज होगी।
डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने 16 ईआरवी, 28 राइडर और 12 पीसीआर टीमों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए महिलाओं से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों और नशा प्रभावित क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने पर भी जोर दिया। डीसीपी अदिति सिंह के समन्वय से स्थापित विशेष नाकों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों को सभी थाना, चौकी, पीसीआर, ईआरवी और क्राइम यूनिट के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रभावी ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
अपराध से पहले रोकथाम पर जोर
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराध की संभावनाओं को पहले ही समाप्त करना है। उन्होंने कहा कि बेहतर निगरानी, प्रभावी गश्त और त्वरित रिस्पॉन्स के माध्यम से जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा।