रामगढ़। सेक्टर-26 में हर बुधवार को लगने वाली किसान मंडी से स्थानीय लोगों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने उपायुक्त, मेयर नगर निगम और आयुक्त नगर निगम को पत्र लिखकर मंडी के कारण उत्पन्न होने वाली गंदगी, जाम और व्यापारिक नुकसान के बारे में अवगत कराया। लोगों का कहना है कि मंडी के कारण आसपास के इलाकों में गंदगी फैलती है, जिससे महामारी का खतरा बना रहता है और मानसिक दबाव का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा, मंडी में आने वाले वाहनों के कारण जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे आवाजाही प्रभावित होती है।
स्थानीय दुकानदारों ने भी अपनी परेशानी जताते हुए कहा कि मंडी में करियाना और अन्य सामान बिकने से उनके व्यवसाय पर असर पड़ रहा है, जो सरकारी टैक्स देता है। नगर निगम के अतिक्रमण दस्ता इंचार्ज ने एक साल पहले ही इस समस्या पर पत्र लिखा था, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि मंडी को सेक्टर 25 में स्थानांतरित किया जाए ताकि उन्हें राहत मिल सके।
जाम जैसी स्थिति रहती है
सेक्टर-25 व 26 की विभाजक सड़क एक मुख्य सड़क है। घग्गर नदी पर नया पुल बनाए जाने से इस सड़क पर ज्यादा यातायात बढ़ गया है और यहां जाम जैसी स्थिति होने से लोग अपने आप को ठगा सा महसूस करते हैं। - महिपाल सिंह नेगी
मंडी खुली जगह में बनाई जाए
किसी भी आपातकालीन स्थिति में स्थानीय वासियों को निकालना बड़ा मुश्किल हो जाता है अपने घरों में वो एक खुले कैदी के तौर पर अपने आप को महसूस करते हैं। इस मंडी को सेक्टर-25 में खुली जगह पर बनाया जाए ताकि लोगों को कोई दिक्कत न उठानी पड़े।- नरेश कुमार कोहली
गंदगी भरा वातावरण रहता है
इस मंडी के कारण गंदगी से हमेशा बदबू भरा वातावरण बना रहता है। मक्खी मच्छरों की भरमार बनी रहती है जिससे लोगों को हर समय किसी महामारी की चपेट में आने की आशंका बनी रहती हैं।- सुरेन्द्र सिंह
भारी परेशानी झेलनी पडती है।
सेक्टर-26 में जिस स्थान पर किसान मंडी लगती है वो मुख्य सड़क है और जाम के कारण लोगों को अपने गंतव्य स्थान तक पहुंचने के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस किसान मंडी को अन्य स्थान पर लगाया जाए।- विनोद कुमार