पंचकूला/हिसार। पढ़ाई के साथ-साथ मां से मिले एक आइडिया के बूते दो छात्राओं ने चाय की कंपनी खड़ी कर दी। छात्राओं ने अपने आइडिया को पेटेंट कराने के लिए आवेदन किया है। इन छात्राओं ने दो महीने पहले ही अलग-अलग फ्लेवर वाली चाय पत्ती को बाजार में उतारा है। केंद्र सरकार की ओर से 30 हजार रुपये की मदद भी मिली है। छात्राओं ने बीते दिनों हिसार में आयोजित प्रदेश स्तरीय उद्यमिता दिवस समारोह में स्टॉल लगाई थी।
बात कर रहे हैं कोजेन टी कंपनी की सीईओ भारती व एकता की। दोनों का दावा है कि इनकी बनाई चाय तनाव से राहत देगी।पंचकूला के सेक्टर 12 ए स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल की छात्रा भारती ने बताया कि एक दिन मां को चाय पीते देख पूछा कि घास-फूस वाली चाय क्यों पीती हो, जूस पीना चाहिए। इस पर मम्मी ने कहा अच्छा एक बार आप ट्राई करो। मैंने ट्राई किया तो कुछ अलग सा महसूस हुआ। मैंने पूछा कि इसमें क्या मिलाया है तो बताया कि इसमें तुलसी, गिलोय, अदरक, इलायची डाली गई है। इससे मुझे आइडिया मिला कि क्यों ने इस तरह की सेहतमंद चाय बनाकर लोगों तक पहुंचाई जाए। इस आइडिया को एकता के साथ साझा किया और इसके बाद अलग-अलग फ्लेवर वाली चाय पत्ती बनाना शुरू किया। भारती व एकता ने बताया कि चाय में किसी तरह का कैमिकल नहीं डालते। चाय पत्ती तैयार करने से लेकर पैकिंग तक पूरा काम खुद ही संभालती हैं।
ऑनलाइन भी उपलब्ध करा रहे
छात्राओं ने बताया कि उनकी बनाई चाय पत्ती ऑनलाइन भी उपलब्ध है। इंस्टाग्राम पर बेच रहे हैं। सबसे छोटा जार 25 ग्राम का 49, रुपये का, 100 ग्राम का 149 और 200 ग्राम का जार 249 रुपये में उपलब्ध करा रहे हैं। बॉक्स पैकिंग में दस पैक वाली चाय 129 रुपये की है। ट्रैवल करने वाले लोगों के लिए फिल्टर पेपर की चाय भी उपलब्ध करा रहे हैं जो मलमल के कपड़े से बनाया गया है।
प्रदेश स्तर पर प्रथम रहा था आइडिया
भारती ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से स्कूल स्तर पर आइडिया मांगे गए थे। इसमें हमारा आइडिया पहले जिला, मंडल और प्रदेश स्तर पर प्रथम चुना गया था। प्रदेश सरकार की ओर से 10 हजार रुपये का चेक भी मिला। हम अपने आइडिया को बड़ी कंपनी के तौर पर बदलना चाहते हैं । इसके लिए पैसा और प्रशिक्षण दोनों की जरूरत है।
कौन-कौन सी चाय पत्ती उपलब्ध करा रहे
गिलोय, लैमन ग्रास, मोरिंगा से बनी चाय पत्ती।
करी पत्ता, सौंफ, अजवायन, काली मिर्च की चाय पत्ती।
रोज, मेरी गोल्ड, अपराजिता, गुड़हल की चाय पत्ती।
लोंग, इलायची, गुड़ व अदरक की चाय पत्ती।