मोरनी। गांव समलौठा से मोरनी स्कूल में पढ़ाई करने वाले छात्र और छात्राओं के स्कूल का समय बदल गया है। इस कारण उन्हें बस सर्विस नहीं मिलने की वजह से परेशान होना पड़ रहा है। इस रूट से काफी संख्या में छात्र-छात्राएं मोरनी स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ने के लिए पहुंचते हैं और इस रूट पर बस सर्विस का समय सुबह आठ और दोपहर दो बजे का है। लेकिन स्कूल का समय सुबह आठ से तीन बजे तक का बदल दिया गया है। इस कारण छात्र-छात्राओं को अब घर वापस जाने के लिए बस नहीं मिलती। इस समस्या को लेकर ग्रामीण रोडवेज के जीएम से कुछ महीने पहले मिले थे और उन्होंने दो दिन में समस्या का हल करने का आश्वासन दिया था। लेकिन अब दो महीने बीत जाने के बाद भी ग्रामीणों और स्कूल के विद्यार्थियों की समस्या हल नहीं हुई है।
इस संबंधी ग्रामीण हरबंस लाल ने बताया कि यह बस वैसे तो स्कूली बच्चों के लिए लगाई हुई है। लेकिन इस रूठ की सवारियां भी इसी बस में मोरनी से आती-जाती हैं। लेकिन लंबे समय से यह बस सही ढंग से नहीं चल रही है और अधिकतर समय पर नहीं आती है। अब स्कूल का समय बदलने के कारण बच्चों को ही इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है क्योंकि स्कूल की छुट्टी तीन बजे होती है और बस दो बजे मोरनी से समलौठा के किए चल पड़ती है। इसलिए ग्रामीणों की मांग है कि बस का समय सुबह साढ़े सात बजे और दोपहर के बाद साढ़े तीन बजे का किया जाए।