पंचकूला। जिले में संक्रमण की दर घटने के साथ ही वीरवार को पहली से नौवीं तक की कक्षाओं के लिए स्कूलों को खोल दिया गया। जिले के प्राइवेट और सरकारी स्कूलों के स्टूडेंट्स को सामाजिक दूरी के साथ कक्षाओं में प्रवेश दिया गया। विद्यार्थियों को मास्क पहनने और सामाजिक दूरी का पालन करने का निर्देश स्कूल प्रबंधन की तरफ से दिया गया। पहले दिन पहली से नौवीं कक्षा में करीब 30 फीसदी विद्यार्थी स्कूल पहुंचे हैं।
पंचकूला के सेक्टर-12 ए सार्थक सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल पवन गुप्ता ने बताया कि पहली से नौवीं तक स्कूल खुलने के बाद विद्यार्थी स्कूल पहुंचे हैं। बच्चों को कक्षाओं में सोशल डिस्टेसिंग के साथ बैठाकर पढ़ाया गया है। कोविड-19 के सभी नियमों का पालन करते हुए बच्चों ने उत्साह के साथ पढ़ाई की है। डीसी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-7 के स्टूडेंट्स विराज कुमार और नैरित कुमार ने बताया कि स्कूल खुलने से राहत मिली है। शहर के अन्य स्कूलों में विद्यार्थी उत्साहित नजर आए।
पंचकूला की डीईओ उर्मिला देवी ने बताया कि पहली से नौवीं तक स्कूल खुल गए हैं। पहले दिन स्कूलों में 30 फीसदी स्टूडेंट्स आए हैं। इसके अलावा कक्षाएं ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से लगाई जा रही हैं। विद्यार्थियों को ऑफलाइन कक्षाओं में भाग लेना अनिवार्य नहीं है। शहर के विद्यार्थियों ने भी इसमें उत्साह के साथ भाग लिया है। उन्होंने बताया कि स्कूलों में विद्यार्थियों की उपस्थिति स्वैच्छिक होगी।
सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में नौवीं के विद्यार्थियों के लिए खुले स्कूल : उपायुक्त
पंचकूूला। उपायुक्त महावीर कौशिक ने बताया कि कोरोना के मामलों में कमी को देखते हुए जिले में वीरवार से सभी सरकारी और प्राइवेट विद्यालयों में कक्षा पहली से नौवीं में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए स्कूल खोल दिए हैं। विद्यार्थी अभिभावकों की अनुमति के साथ विद्यालयों में पढ़ने के लिए बुलाए गए हैं। उपायुक्त ने यह जानकारी पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से ट्राइसिटी में कोविड की स्थिति की समीक्षा के दौरान आयोजित बैठक में दी। उन्होंने बताया कि 10वीं से 12वीं तक की कक्षाएं पहले से ही शुरू की जा चुकी हैं। बैठक में चंडीगढ़ और मोहाली के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ पीजीआई चंडीगढ़, गर्वनमेंट अस्पताल सेक्टर-16 चंडीगढ़ और जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ के वरिष्ठ अधिकारियों और डॉक्टरों ने भी भाग लिया।