आग की घटना से निपटने के माकूल प्रबंध नहीं, स्टाल के बीच दूरी का भी रखा जा रहा ध्यान
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-5 में पटाखा स्टॉल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। सेक्टर-5 में जिला प्रशासन ने दीपावली के मद्देनजर ग्रीन पटाखों की बिक्री के लिए 20 अस्थाई स्टॉल निर्धारित किए हैं, लेकिन यहां 60 फीसदी दुकानों में आग से निपटने के उचित प्रबंध नहीं है। नियमानुसार पटाखों के स्टाल के पास रेत और पानी की बाल्टी, हर स्टॉल के बीच तीन मीटर का गैप रखने की सलाह दी गई थी, लेकिन पंचकूला में तीन चार दुकानों को छोड़कर सभी नियमों को ताक पर रखकर पटाखा बेच रहे हैं। इतना ही नहीं अभयपुर, बुढ़नपुर, रैली, रायपुररानी में खुलेआम बिना लाइसेंस के पटाखों सड़कों और किरयाना की दुकनों पर बेचे जा रहे हैं। इसके मद्देनजर बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट विश्वनाथ ने सेक्टर-5 में पटाखा स्टालों का निरीक्षण किया। यहां से प्रशासन ने तीन-चार दुकानों से पटाखा के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। वहीं अग्निशमन विभाग की ओर से एक गाड़ी मौके पर तैनात कर दी गई है।
बिक्री स्थल पर रखें ये प्रबंध
लाइसेंस में दिए स्थल पर ही पटाखे की दुकान लगाएं
पटाखों की दुकान में हैलोजन लाइट का प्रयोग न करें
पटाखों की दुकान के आसपास दीया, अगरबत्ती व माचिस का प्रयोग न करें
पटाखों की दुकान के पास पानी, बालू अनिवार्य रूप से रखें
संवेदनशील स्थल के निकट दुकान न लगाएं
कोट
जिला प्रशासन ने दीपावली के मद्देनजर ग्रीन पटाखों की बिक्री के लिए 20 अस्थाई स्टॉल निर्धारित किए हैं। जो हिदायतें विभाग ने स्टाल संचालकों को जारी की हैं, उनका पालन जरूरी है। जहां भी नियमों की अनदेखी हो रही है, उन स्टाल संचालकों से नियमों का पालन करवाया जाएगा। -तरसेम, फायर अफसर, अग्निशमन विभाग पंचकूला