पंचकूला। सोनीपत के गन्नौर स्थित गांव गढ़ी बलिंदा के सरकारी स्कूल में गेट का मेहराब गिरने से 11 वर्षीय छात्रा की मौत के बाद हरियाणा मानवाधिकार आयोग ने प्रदेश के स्कूलों की सुरक्षा जांच के निर्देश दिए हैं। आयोग ने जर्जर इमारतों को सील करने को कहा है। पंचकूला में शिक्षा विभाग ने पहले ही स्कूलों की सुरक्षा जांच और कंडम भवनों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी थी।
67 कंडम इमारतों पर हथौड़ा : जिला शिक्षा विभाग ने जिले में 67 जर्जर इमारतें चिह्नित की थीं। जिला परियोजना अधिकारी (डीपीसी) जोगिंदर लाठर के नेतृत्व में एसडीओ और जेई की टीम ने इनकी रिपोर्ट तैयार की। पिछले डेढ़ महीने में 35 इमारतें ध्वस्त की जा चुकी हैं। शेष कंडम भवनों को हटाने के लिए विभाग नया सार्वजनिक नोटिस जारी करने की तैयारी कर रहा है।
जनसुविधा ढांचों का सर्वे : विभाग ने सभी स्कूलों से बालक, बालिका और दिव्यांग विद्यार्थियों के शौचालयों की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। स्कूलों को सुविधाएं उपलब्ध होने का प्रमाण भी देना होगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को सुरक्षित और सम्मानजनक सुविधाएं सुनिश्चित करना है।
कोट
सोनीपत जैसा हादसा पंचकूला में न दोहराया जाए, इसके लिए हर स्कूल की छत, गेट और चारदीवारी की दोबारा जांच कराई है। जिले में कंडम भवनों को हटाने की कार्रवाई डेढ़ महीने से की जा रही है।-जोगिंदर लाठर, जिला परियोजना अधिकारी, शिक्षा विभाग, पंचकूला