चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने शुक्रवार को घोषणा की कि 2022 में शिअद-बसपा के गठबंधन वाली सरकार बनने के बाद वह किसान आंदोलन के शहीद परिवारों को सरकारी नौकरी देंगे। साथ ही उनके पीड़ित परिवार के बच्चों को पोस्ट ग्रैजुएशन तक मुफ्त शिक्षा भी सरकार उपलब्ध कराएगी।
सुखबीर ने कहा कि तीनों खेती कानून के खिलाफ मौजूदा आंदोलन सात महीने से जारी है। इस दौरान 550 से अधिक किसान शहीद हो चुके हैं। किसानों के हितों को देखते हुए शिअद-बसपा गठबंधन ने तय किया है कि 2022 में पंजाब में सत्ता में आने के बाद वह शहीद परिवारों की आवश्यकताओं को पूरा करेंगे। किसानों के संघर्ष को देखते हुए गठबंधन सरकार बनने पर शहीद हुए किसानों के पारिवारिक सदस्यों को सरकारी नौकरी और मुफ्त शिक्षा के अलावा मुफ्त मेडिकल इंश्योरेंस भी देंगे। वह पंजाबियों को शिरोमणि अकाली दल अध्यक्ष के रूप में ये वादे कर रहे हैं, तथा यह सुनिश्चित करेंगे कि 2022 में शिरोमणि अकाली दल की अगुवाई वाली सरकार के शपथ लेने के बाद उन्हें लागू किया जाएगा।