लुधियाना, पटियाला, जींद समेत कई रूटों पर बसें हो रहीं लेट
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-5 बस स्टैंड से हरियाणा रोडवेज की कई रूटों पर बस सेवा पिछले करीब एक सप्ताह से प्रभावित चल रही है। लुधियाना, पटियाला, बटाला, जींद और हिसार जाने वाली बसें तय समय पर नहीं पहुंच रहीं, जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
यात्रियों के अनुसार सुबह और शाम के व्यस्त समय में बसों की देरी सबसे ज्यादा खल रही है। रोजाना सफर करने वाले कर्मचारी, छात्र और व्यापारी विशेष रूप से प्रभावित हैं। कई लोगों को बस स्टैंड पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है, जबकि कुछ यात्रियों को मजबूरन ऑटो, टैक्सी या निजी वाहन का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे अतिरिक्त खर्च बढ़ गया है।
बस स्टैंड पर मौजूद लोगों ने बताया कि पहले इन रूटों पर बसें नियमित अंतराल पर मिल जाती थीं, लेकिन पिछले कुछ दिनों से संचालन बाधित है। खासकर पंजाब और हरियाणा के अन्य शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासियों ने रोडवेज विभाग से मांग की है कि बस सेवाओं को जल्द सामान्य किया जाए। उनका कहना है कि सार्वजनिक परिवहन आम लोगों की जीवनरेखा है और इसके संचालन में ढिलाई नहीं होनी चाहिए।