विकास नगर लाइट प्वाइंट से हल्लोमाजरा मार्ग पर आवाजाही बाधित, पुलिस ने की बैरिकेडिंग
पंचकूला। इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 स्थित लाइट प्वाइंट के समीप सड़क का एक हिस्सा बीच से धंस जाने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण (पीएमडीए) की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। पीएमडीए की ओर से सड़क की मरम्मत का कार्य शुक्रवार से शुरू किया जाएगा, ताकि मार्ग को जल्द सुरक्षित बनाकर यातायात को सुचारू किया जा सके।
मरम्मत कार्य के चलते विकास नगर लाइट प्वाइंट से हल्लोमाजरा होते हुए चंडीगढ़ जाने और आने वाले वाहनों की आवाजाही बाधित रहेगी। किसी भी संभावित हादसे से बचाव के लिए पुलिस ने धंसे हुए हिस्से के आसपास बैरिकेडिंग कर क्षेत्र को सुरक्षित कर दिया है। साथ ही मरम्मत पूरी होने तक ट्रैफिक नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।