पुलिस आयुक्त सौरभ सिंह, पुलिस उपायुक्त मोहित हांडा ने निर्देश देते हुए।
- फोटो : PKL OFFICE
पंचकूला। गणतंत्र दिवस के मद्देनजर शहर के सभी नाकों की जांच पंचकूला के पुलिस आयुक्त सौरभ सिंह और पुलिस उपायुक्त मोहित हांडा ने की। इस दौरान तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि पंचकूला में ट्रैक्टरों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है। कोई असामाजिक तत्व अगर जबरदस्ती प्रवेश करना चाहे तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाए।
रविवार को पुलिस की गश्त दिनभर जारी रही। इस दौरान जिले के 30 नाकों पर पुलिस की तैनाती की गई। शहर में प्रवेश करने वाले नौ नाकों पर अतिरिक्त सतर्कता के निर्देश दिए हैं। पंचकूला पुलिस ने गणतंत्र दिवस समारोह के आयोजन के लिए सेक्टर-5 परेड ग्राउंड में पुख्ता सुरक्षा प्रबंधन किए हैं। सुरक्षा के लिए सभी प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर लगाए जा रहे हैं। पूरे स्टेडियम में पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए पुलिस ने सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों को तैनात किया है।
सभी नाकों पर जाकर दिए सुरक्षा के निर्देश
पंचकूला पुलिस आयुक्त सौरभ सिंह, पुलिस उपायुक्त मोहित हांडा, सहायक पुलिस आयुक्त पंचकूला विजय कुमार नेहरा ने पंचकूला क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर 21 पुलिस नाकों पर जाकर सभी तैनात पुलिस कर्मचारियों को अपनी ड्यूटी करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की स्थिति से निपटने के लिए वह तैयार रहें।
अपनी ड्यूटी ईमानदारी और सतर्कता से करें। इसके अलावा बाहरी पक्के नौ पुलिस नाकों पर जाकर भी तैनात पुलिस कर्मचारियों को मानसिक तौर पर ड्यूटी के लिए तैयार रहें। इसके अतिरिक्त पंचकूला पुलिस ने चेकिंग अभियान के तहत पुलिस नाकों पर व्हीकल चेकिंग और होटल, रेस्तरां, धर्मशाला, लाज गेस्ट हाउस, बस स्टैंड का अच्छे से जांच करने के निर्देश जारी किए। पुलिस उपायुक्त पंचकूला ने आम लोगों से अपील की है कि वह कानून और स्वस्थ व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस को धूमधाम से मनाएं।
पंचकूला डीसीपी मोहित हांडा कर्मियों को हिदायतें देते हुए।- फोटो : PKL OFFICE