महादेव देव कॉलोनी से गढ़वाली कॉलोनी मार्ग बदहाल, बारिश में जलभराव से ठप होती आवाजाही
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीमंदिर। महादेव देव कॉलोनी नगरखेड़ा मंदिर से गढ़वाली कॉलोनी तक जाने वाली सड़क की बदहाल स्थिति से स्थानीय लोग बेहद परेशान हैं। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और टूटी परत के कारण राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि हल्की बारिश होते ही सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे आवाजाही लगभग ठप हो जाती है। स्थानीय निवासी सुशील राणा ने बताया कि गढ़वाली कॉलोनी का सूरजपुर से संपर्क बारिश के दौरान टूट जाता है। स्कूल जाने वाले बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और बुजुर्गों को खास परेशानी झेलनी पड़ती है। कई बार प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
समस्या से नाराज लोगों ने रविवार को बैठक कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं करवाई गई तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क को जल्द दुरुस्त कराया जाए और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।