पंचकूला। रेलवे स्टेशन पर दो बजते ही टिकट रिजर्वेशन काउंटर बंद हो जाता है। बाकायदा खिड़की के बाहर एक नोटिस बोर्ड लगा दिया जाता है। यह समस्या पंचकूला की ओर बने रिजर्वेशन काउंटर को लेकर है। इसके कारण लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। नियम के मुताबिक रात आठ बजे तक रिजर्वेशन टिकट काउंटर खुलना चाहिए, लेकिन दो बजते ही इस पर ताला लग जाता है। वहीं, टिकट घर में भी सीनियर सिटीजन और महिला रिजर्वेशन काउंटर भी बंद है। इस कारण दोनों ओर रिजर्वेशन करवाने के लिए आने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह काउंटर बंद होने की जानकारी अधिकारियों को भी है, लेकिन उनका तर्क है कि दोपहर बाद रिजर्वेशन करवाने वाले यात्रियों की संख्या कम हो जाती है, इस कारण काउंटर को बंद कर दिया जाता है। जबकि यात्रियों का कहना है कि शाम को रिजर्वेशन काउंटर बंद होने की वजह से उन्हें काफी दिक्कत हो रही है। इसलिए यहां पर भी शाम में टिकट काउंटर खुलने चाहिए।
एक काउंटर पर रिजर्वेशन और एक पर जनरल टिकट
पंचकूला की तरफ एक ही टिकट काउंटर पर रिजर्वेशन और दूसरे पर जनरल टिकट की बुकिंग की जाती है। यहां महिलाओं और सीनियर सिटीजन के लिए अलग से काउंटर नहीं बनाया गया है। इस कारण यात्रियों को रिजर्वेशन टिकट के लिए घंटों लाइन में खड़ा होना पड़ता है। इससे यात्रियों का काफी समय बर्बाद होता है।
पंचकूला के साथ सौतेला व्यवहार
रेलवे स्टेशन एक है, तो सुविधाएं भी एक जैसी होनी चाहिए। रिजर्वेशन काउंटर दोपहर दो बजे के बजाय रात आठ बजे तक खुलना चाहिए। जिससे स्टेशन के दूसरे छोर पर रहने वाले चंडीगढ़ और पंचकूला के लोगों को भी बराबर की सुविधाएं मिल सकें। शुरू से ही रेलवे स्टेशन को पंचकूला कर तरफ बोलकर इसके साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है, जबकि ऐसा नहीं होना चाहिए। -सुभाष पपनेजा, निवासी सेक्टर-16 पंचकूला।
रेलवे स्टेशन पर पंचकूला की तरफ रिजर्वेशन काउंटर खोलने का समय दो से बढ़ाकर शाम छह बजे तक करने के लिए बात हुई। पहले तो डीआरएम ने कहा था कि वहां बिजनेस नहीं है, लेकिन शाम के वक्त रिजर्वेशन कराने आने वाले सीनियर सिटीजन की परेशानी का हवाला दिया तो उन्होंने आश्वासन दिया है कि रिजर्वेशन काउंटर का समय बढ़ाया जाएगा। -एसके नैय्यर, निवासी सेक्टर-15 पंचकूला।
महिलाओं और सीनियर सिटीजन को ज्यादा परेशानी
दो बजे के बाद रिजर्वेशन टिकट बुकिंग काउंटर बंद होने की वजह से पंचकूला के लोगों को रिजर्वेशन के लिए चंडीगढ़ की तरफ बने टिकट बुकिंग काउंटर पर जाना पड़ता है। इसके चलते सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं और सीनियर सिटीजन को होती है। अगर जनरल टिकट की बुकिंग के लिए शाम छह बजे तक काउंटर पंचकूला की तरफ खुल रहा है, तो रिजर्वेशन काउंटर भी शाम छह बजे तक खुलना चाहिए। डॉ. राम प्रसाद, निवासी इंदिरा कालोनी।