पंचकूला। सेक्टर-15 के मकान नंबर 1170 के समीप खाली प्लॉट में शुक्रवार की शाम एक बारहसिंघा आ गया। उस पर नजर पड़ते ही आसपास के लोगों में हलचल मच गई। शाम करीब सात बजे लोगों ने पुलिस को बारहसिंघा के प्लॉट में घुसने की सूचना दी। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो बारहसिंघा झाड़ियों में अंधेरी जगह पर छुपा बैठा मिला।
इसके बाद सेक्टर-15 चौकी के पुलिसकर्मियों ने वाइल्ड लाइफ टीम से संपर्क साधा और उन्हें बारहसिंघा के प्लॉट में घुसे होने की जानकारी दी। इसके काफी समय बाद तक स्थानीय चौकी के पुलिसकर्मी वाइल्ड लाइफ के कर्मचारियों के इंतजार में रहे। कुछ समय बाद वाइल्ड लाइफ के कर्मचारी बारहसिंघा पकड़ने के लिए आवश्यक सामान लेकर पहुंचे। जहां बारहसिंघा छुपा था, वाइल्ड लाइफ टीम ने उसके चारों तरफ फिल्डिंग लगाई, ताकि बारहसिंघा बचकर भाग नहीं सके। टीम को हेड कर रहे सीनियर कर्मचारी अन्य कर्मचारियों से बारहसिंघा को पकड़ने के लिए बेहतर तालमेल बिठाते नजर आए। कड़ी मशक्कत के बाद देर रात कर्मचारी बारहसिंघा को पकड़ने में कामयाब हुए। फिर वाइल्ड लाइफ टीम के कर्मचारी रेसक्यू किए गए बारहसिंघा को जंगल में छोड़ने के लिए साथ ले गई।