पंचकूला। नगर निगम की राजस्व वसूली कमेटी की बैठक में कुलभूषण गोयल ने प्रॉपर्टी टैक्स अदा ना करने पर जिमखाना, रेड बिशप, गवर्नमेंट प्रेस, एचएसआईडीसी, बिजली निगम कार्यालय, प्राइवेट होटल होलीडे इन और अंसल बिल्डिंग को सील करने के निर्देश दिए हैं। तीन घंटे चली बैठक में मेयर ने पिछले वर्ष की प्रॉपर्टी टैक्स रिकवरी पर असंतोष व्यक्त कर कहा कि यदि वर्ष 2022-23 में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार प्रॉपर्टी टैक्स रिकवर नहीं हुआ, तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
पिछले वर्ष 25 करोड़ रुपये का टारगेट था, लेकिन रिकवरी 11 करोड़ रुपये ही हुई थी। इस वर्ष 25 करोड़ रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स रिकवर करने का लक्ष्य रखा गया है। मेयर ने बताया कि प्रॉपर्टी टैक्स डिफाल्टरों से करीब 100 करोड़ रुपये की रिकवरी की जानी है। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को सेक्टर 11 और 16 के 5 लाख रुपये से ऊपर के प्रॉपर्टी टैक्स डिफाल्टरों के शोरूम भी सील करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में मोबाइल लाइन और मोबाइल टॉवर कंपनियों पर भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि अप्रैल माह में मोबाइल लाइन कंपनियों से एक करोड़ 44 लाख रुपये की रिकवरी हुई है। मेयर ने निर्देश दिए कि एक सप्ताह मेें नोटिस देकर मोबाइल लाइन काटने की कार्रवाई शुरू की जाए। मोबाइल लाइन के 50 करोड़ और मोबाइल टॉवर कंपनियों से 50 करोड़ रुपये वसूलने हैं। पिछले साल मोबाइल टॉवर कंपनियों से 6 करोड़ रुपये की रिकवरी हुई थी।
एक सप्ताह में 7 करोड़ रुपये और आने की उम्मीद हैं। उन्होंने इंड्स, बीएसएनएल, एटीएस के टॉवर कंपनियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मेयर ने कहा कि स्टांप ड्यूटी के 48 करोड़ रुपये जल्द आने की उम्मीद है। मेयर ने शालीमार मॉल की पैमाइश तुरंत करने के लिए कहा। अधिकारियों ने बताया कि शालीमार के प्रॉपर्टी टैक्स का 31-3-2021 तक केस चल रहा है। वर्ष 2022-23 के लिए 10 दिन में पैमाइश पूरे करने के निर्देश दिए हैं। वीटा बूथ मालिकों से किराया लेने के निर्देश हैं।
बैठक में मोबाइल टॉयलेट और मार्केट टॉयलेट ठेकेदार के काम पर नाराजगी व्यक्त कर महापौर ने मोबाइल टॉयलेट ठेकेदार की 50 प्रतिशत और मार्केट टॉयलेट ठेकेदार की 25 प्रतिशत पेमेंट 1 अप्रैल 2022 से रोकने के निर्देश दिए। इस मौके पर पार्षद जय कौशिक, सुरेश वर्मा, संदीप सोही, सोनिया सूद, सुशील गर्ग, डीएमसी दीपक सूरा, एक्सईएन जेडटीओ, एसडीओ सहित अन्य उपस्थित रहे।