93 फीसदी अंक हासिल कर बनीं प्रेरणा, बोलीं- मेहनत ही मेरी पहचान
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं परीक्षा में पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-15 की छात्रा रानी ने 93 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रेरणादायक सफलता हासिल की है। सुनने और बोलने में असमर्थ रानी ने अपनी मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादों के आगे कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती।
रानी ने 500 में से 467 अंक प्राप्त किए हैं। वह सेक्टर-20 की रहने वाली हैं। उनके पिता राजमंगल कारपेंटर हैं, जबकि माता अशरफी देवी गृहिणी हैं। कक्षा इंचार्ज शिक्षिका कविता ने बताया कि रानी नौवीं कक्षा से उनके पास पढ़ रही है। वह हर विषय को आसानी से समझ लेती है और हमेशा पढ़ाई को लेकर गंभीर रहती है। स्कूल स्टाफ ने भी लगातार उसका हौसला बढ़ाया।
रानी की सफलता ने यह संदेश दिया है कि पहचान किसी कमजोरी से नहीं, बल्कि संघर्ष और मेहनत से बनती है। उसकी उपलब्धि उन बच्चों और अभिभावकों के लिए प्रेरणा है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने का साहस रखते हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या पूनम बेरवाल ने रानी को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं और कहा कि प्रतिभा किसी परिस्थिति की मोहताज नहीं होती। निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।