अस्पताल में भर्ती कराने वाले युवक पर परिजनों ने उठाए सवाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। रामगढ़ निवासी 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले में मृतका के परिजनों ने उसके साथ रह रहे युवक पर हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही है।
परिजनों के अनुसार युवती करीब एक वर्ष पहले घर छोड़कर चली गई थी और एक युवक के साथ रह रही थी। मृतका की बहन ने बताया कि उन्हें युवक का फोन आया, जिसमें कहा गया कि युवती की तबीयत खराब है और उसे सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने पर उन्हें युवती से मिलने नहीं दिया गया। उनका कहना है कि उनकी बहन की हत्या की गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि युवक तीन दिन तक अस्पताल में युवती को छोड़कर फरार रहा।
सूचना मिलने पर पुलिस सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।