रायपुररानी। ब्लॉक रायपुररानी में सरपंच एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें निर्माण सामग्री के बढ़ते दामों पर गहन चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता सरपंच एसोसिएशन के प्रधान रविंद्र चौधरी प्यारेवाला ने की। इसमें क्षेत्रीय सरपंचों ने निर्माण सामग्रियों, जैसे सीमेंट, बालू, ईंट और रेत की कीमतों में हो रही बढ़ोतरी पर गंभीर चिंता व्यक्त की। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया कि इन बढ़ती कीमतों से ग्रामीण विकास कार्यों में रुकावट आ रही है और इस समस्या के समाधान के लिए उपायुक्त पंचकूला से मुलाकात की जाएगी।
सरपंचों ने बताया कि निर्माण सामग्री की बढ़ती कीमतें न केवल विकास कार्यों की गति को धीमा कर रही हैं, बल्कि सरकार की विकास योजनाओं की गुणवत्ता पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल रही हैं। रविंद्र चौधरी ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में विकास कार्यों के लिए सरकार से आवंटित बजट के बावजूद, निर्माण सामग्रियों की बढ़ती कीमतें हमारी योजनाओं को बाधित कर रही हैं। यह समस्या केवल हमारे क्षेत्र की नहीं है, बल्कि पूरे जिले में इसका असर देखा जा रहा है। इसलिए उपायुक्त पंचकूला से मिलकर इस मुद्दे का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
इस मौके पर रविंद्र प्यारेवाला, सुशील सैनी फिरोजपुर, महिपाल नागरा गढ़ी-कोटाहा, अजय ठरवा, रामकुमार सामनवा, करण कंडियाला, मान सिंह मेहता, रोहित सैनी बड़ौना, राजकुमार मंडलाये, सुनील राणा हरिपुर, मुखराज गोबिन्दपुर, ताराचंद काजमपुर, पवन सैनी दंडलावड़, बलजीत सैनी टिब्बी माजरा, नसीम खान सुल्तानपुर, गुरदयाल चौधरी, काबल राणा सहित अन्य सरपंच मौजूद रहे। संवाद