पंचकूला। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, नगर निगम और पंचकूला जिला पुलिस की संयुक्त पहल पर बीस दिवसीय व्यक्तित्व विकास एवं थिएटर कार्यशाला का आरंभ इंद्रधनुष परिसर में हुआ। माध्यमिक शिक्षा विभाग के सहयोग से आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ पंचकूला की नगर निगम आयुक्त अपराजिता किया। उन्होंने कहा कि रंगमंच के माध्यम से संवाद में लय और संगीत में स्वर का प्रयोग जन मानस के संवेदना को रिचार्ज करता है। उन्होंने कहा कि पंचकूला का बचपन श्रेष्ठ भारत के निर्माण में सांस्कृतिक हिस्सेदारी निभाने के लिए एक अनूठे प्रयोग का हिस्सा बन रहा है।
उन्होंने कहा कि इस कार्यशाला का विषय प्रकृति, शिक्षा और सड़क सुरक्षा है। जिला शिक्षा अधिकारी सतपाल कौशिक ने कहा कि यह कार्यशाला शिक्षा में रंगमंच का अद्भुत प्रयोग है। एचएसवीपी इलेक्ट्रिक डिवीजन के एसई अशोक राणा ने कहा कि पंचकूला के सांस्कृतिक विकास के लिए इंद्रधनुष परिसर एक आदर्श सांस्कृतिक केंद्र का रूप ले रहा है। कार्यशाला की संयोजक रीता राय ने कहा कि यह कार्यशाला पंचकूला के राजकीय विद्यालय के विद्यार्थियों की हिस्सेदारी से रंग संवाद और रंग अभिनय की एक नई प्रस्तुति है। मंच पर चलना, संवाद और दृश्य रचना का कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यशाला बुधवार सुबह 10 बजे आरंभ होकर दोपहर 2 बजे तक जारी रहेगी। कार्यक्रम के संयोजन में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के उमेश कुमार, चमन और पुलिस विभाग से निशा ने सक्रिय सहयोग दिया।