कालका। गांधी चौक से रेलवे रोड तक नगर परिषद की ओर से बनाए जा रहे नाले को लेकर रेलवे के आईओडब्ल्यू ने नगर परिषद के अधिकारियों से नाले का ले आउट प्लान मांगा है। ताकि यह पता लग सके की नगर परिषद की ओर से बनाए जा रहे नाले को किस प्रकार बनाने का प्लान किया जा रहा है। वहीं अभी तक नगर परिषद की ओर से किसी प्रकार का ले-आउट प्लान नहीं सौंपा गया है।
इस बाबत नगर परिषद के एक अधिकारी ने बताया कि नगर परिषद अपने कार्यक्षेत्र में नाले का निर्माण कर रहा है, जो नाला पहले चल रहा था केवल उसकी लोकेशन बदली जा रही है। उसको दुकानों से बाहर लाने का काम किया जा रहा है। उसमें कोई नया पानी नहीं आएगा।
बता दें कि नगर परिषद कालका द्वारा गांधी चौक से लेकर रेलवे रोड तक दुकानों के आगे 64 लाख रुपये की लागत से नाले का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। फिलहाल नाले के निर्माण के लिए सड़क को एक ओर से जेसीबी से खोदा गया है। यह नाला 550 मीटर तक लंबा होगा। सड़क की खुदाई के बाद उसमें दो फुट हाल वाले आरसीसी पाइपों को डालकर उन्हें भूमिगत कर दिया जाएगा।