अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब पुलिस का युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान जारी है। बुधवार को पुलिस ने 323 स्थानों पर रेड की। इस दौरान राज्यभर में नशा तस्करी के आरोप में 98 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद 63 एफआईआर दर्ज की गईं।
इस दौरान आरोपियों से 954 ग्राम हेरोइन, 81 किलो भुक्की, 497 नशीली गोलियां, कैप्सूल और 5,770 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव के निर्देशों पर राज्य के सभी 28 पुलिस जिलों में एक साथ की गई।
विशेष डीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने बताया कि 1000 से अधिक पुलिसकर्मियों वाली 120 से ज्यादा पुलिस टीमों ने राज्यभर में रेड की। पुलिस टीमों ने 327 संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की। इस दौरान 56 लोगों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास केंद्रों पर उपचार के लिए राजी किया गया।