हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने कहा कि राहुल गांधी भले ही पंजाब जाएं। मगर हरियाणा में माहौल खराब करने के लिए उन्हें आने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के उस बयान कि हरियाणा में जंगलराज है क्या? का जवाब देते हुए गृहमंत्री अनिल विज ने कहा कि हरियाणा में जंगलराज नहीं बल्कि सही मायनों में राज है।
राहुल गांधी खुद आना चाहते है तो हजार बार हरियाणा में आए इस पर कोई एतराज नहीं। यदि वे पंजाब से जुलूस लेकर हरियाणा में दाखिल होना चाहते हैं और हरियाणा का माहौल खराब करना चाहते हैं तो उन्हें ऐसा नहीं करने दिया जाएगा।
विज ने कहा कि कोरोना काल चल रहा है और डिजास्टर एक्ट लागू है। 100 से ज्यादा लोग इकट्ठा नहीं हो सकते। इससे पहले दो बार हरियाणा में दाखिल होने की कोशिश हो चुकी है और उन्हें हरियाणा में घुसने नहीं दिया गया। अनिल विज ने कहा कि कानून सभी के लिए एक है। ऐसा नहीं है कि आम आदमी के लिए कानून अलग है और राहुल गांधी के लिए अलग। इसलिए राहुल गांधी को पंजाब से जुलूस लेकर हरियाणा में नहीं घुसने दिया जाएगा।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा के आरोप कि भाजपा शासित प्रदेशों में दलित महिलाओं के साथ अत्याचार बढ़ा है, का जवाब देते हुए विज ने कहा कि कुमारी सैलजा को राजस्थान जाकर देखना चाहिए। अत्याचार कहीं भी हो उसकी आवाज उठानी चाहिए। मैं खुद उठाता हूं। वो चाहे उत्तर प्रदेश में हो जहां भाजपा का शासन है, चाहे राजस्थान हो जहां कांग्रेस का शासन। राहुल और प्रियंका गांधी को उत्तर प्रदेश तो याद आता है। लेकिन राजस्थान नहीं दिखता। विज ने कहा कि इस मामले पर राजनीति नहीं की जा सकती। इस चीज की राजनीति गलत है।