कालका। पर्स चोरी कर भाग रहे दो आरोपियों को लोगों ने दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस को दी शिकायत में महिला सुमन ने बताया कि वह रेलवे कॉलोनी की रहने वाली हैं। वे एक दुकान से सामान लेने आईं थीं, उसने अपना पर्स और मोबाइल एक्टिवा पर रख दिया था। इतने में एक चोर एक्टिवा से पर्स चोरी कर भाग गया जिसे एक दुकानदार ने देख लिया था और लोगों ने भागते हुए चोर को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया।
वहीं, लोगों ने उसके दूसरे साथी को मंडी के पास से पकड़कर कालका पुलिस के हवाले किया। सूचना मिलने पर कालका पुलिस मौके पर पहुंचीं और चोरों को पुलिस स्टेशन ले गई। कालका एसएचओ सुुरेंद्र कुमार ने बताया कि पकड़े दोनों आरोपी विकास वर्मा व जतिन वर्मा भाई हैं जोकि सेक्टर-4 परवाणू के निवासी हैं। दोनो नशे के आदी हैं। पैसे के लिए उन्होंने महिला का पर्स चुराने की कोशिश की थी। दोनों को वीरवार को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें एक दिन का पुलिस रिमांड मिला है।