चंडीगढ़। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने पंजाब पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों से सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक कमानीदार चाकू बरामद किया है। आरोपी की पहचान मौलीजागरां निवासी गौतम कुमार के रूप में हुई है। सेक्टर 39 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 171, आर्म्स एक्ट (25/54/59) के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर 39डी में पंजाब पुलिस एएसआई की वर्दी पहने एक युवक एंडेवर कार में घूम रहा है। सूचना पर सेक्टर-39 थाने में तैनात एएसआई परमिंदर सिंह सिंह की अगुवाई में युवक को दबोच लिया गया। पुलिस टीम ने जब युवक से आईडी कार्ड मांगा तो वह दिखाने में असफल रहा। पुलिस ने जब तलाशी ली तो उसके पास एक कमानीदार चाकू भी बरामद हुआ। सूत्रों के मुताबिक युवक पंजाब सरकार और रेलवे में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर कई भोले-भाले लोगों से लाखों की ठगी कर चुका है। युवक ने सबसे ज्यादा ठगी मोहाली, पंचकूला और चंडीगढ़ के लोगों से की है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया आरोपी अभी शादीशुदा नहीं है। उसने एंडेवर गाड़ी करीब 6 महीने पहले ही खरीदी थी। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।