चंडीगढ़। स्कूल शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने घोषणा की है कि विश्व शिक्षक दिवस (5 अक्तूबर) के अवसर पर आनंदपुर साहिब में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान 71 सरकारी शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और विशेष योगदान के लिए गौरवमय राज्य शिक्षक पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया जाएगा।
इसका मकसद राज्य के शिक्षा क्षेत्र में इन अध्यापकों के समर्पण और शानदार योगदान की प्रशंसा करना है। 55 शिक्षकों को राज्य शिक्षक पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इनमें 34 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों और 21 प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षक शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 10 शिक्षकों को यंग टीचर अवॉर्ड दिया जाएगा जिनमें 6 सेकेंडरी और 4 प्राइमरी शिक्षक शामिल हैं।
तीन को विशेष शिक्षक पुरस्कार और तीन को उनकी विशिष्ट नेतृत्व क्षमता के लिए प्रबंधकीय (एडमिनिस्ट्रेटिव) पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। प्रत्येक पुरस्कार विजेता को मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा राज्यस्तरीय कार्यक्रम के दौरान एक पदक, शाल और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
बैंस ने कहा कि 11वीं श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए उद्यमिता को मुख्य विषय के तौर पर शामिल करने में पंजाब देश भर में पहला राज्य बन गया है। इस विषय को शामिल करने का उद्देश्य विद्यार्थियों में उद्यमी मानसिकता को प्रफुल्लित करना है, ताकि वह नौकरी मांगने वाले नहीं बल्कि रोजगार देने वाले बनें।