चंडीगढ़। केंद्रीय टीम ने पंजाब में संक्रमण फैलाव को रोकने के लिए संवेदनशील जिलों में माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाने की सलाह दी थी, जिस पर अमल करते हुए राज्य के 16 संवेदनशील जिलों में 108 माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। साथ ही नौ जिलों में 12 कंटेनमेंट जोन बने हैं। इन दोनों जोनों में 64826 की आबादी को सुरक्षित किया गया है।
पंजाब में संक्रमण से दिन-ब-दिन हालात खराब हो रहे हैं। संक्रमण के फैलाव पर अंकुश लगाने के लिए राज्य सरकार के साथ ही केंद्र भी नजर बनाए हुए है। केंद्र ने हाल ही में रिपोर्ट के आधार पर पंजाब को संवेदनशील जिलों में माइक्रो कंटेनमेंट जोन अधिक बनाने की सलाह दी थी। इसके आधार पर अब राज्य सरकार ने अमल करना शुरू कर दिया है। संक्रमण को लेकर राज्य में 16 जिले बेहद संवेदनशील हैं। इनमें अमृतसर, जालंधर, लुधियाना सहित अन्य कई जिले हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार माइक्रो कंटेनमेंट की संख्या निकट भविष्य में और बढ़ाई जा सकती है।
अमृतसर में सबसे अधिक माइक्रो कंटेनमेंट जोन
16 जिलों में अमृतसर में सबसे अधिक 25 माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। लुधियाना और गुरदासपुर में 13-13, मोहाली में 12, जालंधर में 8, पटियाला, मुक्तसर और फरीदकोट में 6-6, फाजिल्का में 5, एसबीएस नगर में 4, होशियारपुर, रोपड़ और पठानकोट में 3-3, बठिंडा में 2, फतेहगढ़ साहिब और फिरोजपुर में 1-1 माइक्रो कंटेनमेंट जोन शामिल हैं।
इन जिलों में बने हैं कंटेनमेंट जोन
नौ जिलों में 12 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। इनमें रोपड़, फरीदकोट और लुधियाना में दो-दो कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। अन्य जिले अमृतसर, जालंधर, गुरदासपुर, पटियाला, होशियारपुर, पठानकोट में एक-एक कंटेनमेंट जोन बने हैं।